खरीफ पूर्व कृषि केंद्रों का निरीक्षण,अनियमितता पर दो केंद्रों को नोटिस
(रौनक साहू)
बलौदाबाजार। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार खरीफ 2026 के पूर्व में ही जिले के किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद, बीज एवं कीटनाशक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा चौकसी बढ़ा दी गई है। इसी कड़ी में सोमवार को विकासखंडो में संचालित कृषि केन्द्रों का निरीक्षण किया गया जिसमें दो फर्म को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

विकासखंड पलारी के निरीक्षक सुचिन कुमार वर्मा द्वारा साहू कृषि सेवा केंद्र, किसान सेवा केंद्र, सेठ हीरा लाल एंड संस, सोनी कृषि सेवा केंद्र एवं बघेल कृषि सेवा केंद्र का निरीक्षण किया गया। कृषि सेवा केंद्र पलारी में स्कंध पंजी का उचित संधारण नहीं किया गया था, इस कारण फर्म को कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है। विकासखंड बलौदा बाजार में उपसंचालक कृषि दीपक कुमार नायक, उर्वरक निरीक्षक लोकनाथ दीवान एवं उर्वरक शाखा प्रभारी सिमांचल गौड़ के द्वारा नवीन ट्रेडर्स बलौदा बाजार का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के द्वारा विक्रय केंद्र में कई प्रकार के अनियमित पाई गई जैसे की स्टेकिंग सही तरह से नहीं किया गया था, स्कंध पंजी का उचित संधारण नहीं किया गया था, अनुज्ञप्ति भी स्पष्ट दिखने वाले स्थान पर चस्पा नहीं किया गया था जिस कारण संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही निरीक्षक द्वारा उर्वरक अधिकार पत्र निलंबन हेतु प्रस्ताव भेजा गया है, जिस पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। विकासखंड कसडोल के निरीक्षक धनेश्वर साय द्वारा आचार्य कृषि केंद्र, जोगी कृषि केंद्र एवं कुशवाहा कृषि केंद्र कसडोल का निरीक्षण किया गया।विकासखंड भाटापारा के उर्वरक निरीक्षक अवधेश उपाध्याय द्वारा सतगुरु ट्रेडर्स दतरेंगी, एवं जैन लोहाबाड़ा भाटापारा का निरीक्षण किया गया।
उपसंचालक कृषि दीपक कुमार नायक द्वारा जिले के समस्त निरीक्षकों को विकासखण्ड स्तर पर संचालित समस्त कृषि आदान विक्रय केन्द्रों का निरीक्षण हेतु करने तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है तथा किसान भाइयों से अपील किया गया है कि वह जो भी कृषि आदान खरीदे उसका विक्रय केंद्र से पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें तथा उर्वरक केवल पास मशीन से ही क्रय करें।


