FIR का डर, रिश्वत का खेल: पैसे नहीं दिए तो जेल—राहौद चौकी प्रभारी पर अवैध वसूली का लगा आरोप
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा | जिले में पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम पकरिया की रहने वाली एक महिला ने पुलिस चौकी प्रभारी पर झूठे मामले में फंसाने और चालान पेश करने के नाम पर अवैध रूप से पैसे मांगने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, लक्ष्मीन कुमारी देवांगन (उम्र 32 वर्ष), निवासी ग्राम पकरिया, थाना शिवरीनारायण ने बताया कि उनके पति राजू देवांगन को चौकी प्रभारी रामप्रसाद बघेल द्वारा जानू पटेल के साथ मिलकर झूठे मामले में फंसा दिया गया। आरोप है कि पहले 15,000 रुपये की मांग की गई थी, यह कहते हुए कि पैसे देने पर FIR दर्ज नहीं होगी और मामला खत्म कर दिया जाएगा। पैसे नहीं देने पर उनके पति के खिलाफ झूठी शिकायत पर FIR दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
महिला ने आगे बताया कि 19 अप्रैल 2026 को पुलिस द्वारा बुलाए जाने पर जब वह चौकी पहुंची, तब चालान पेश करने के नाम पर पुनः 10,000 रुपये की मांग की गई। गरीब होने के कारण पैसे नहीं दे पाने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और गाली-गलौज करते हुए चौकी से भगा दिया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस कर्मियों द्वारा यह तक कहा गया कि “जहां जाना है जाओ, हमें कोई फर्क नहीं पड़ता”, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
महिला ने पुलिस अधीक्षक से अपने पति के खिलाफ दर्ज मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी चौकी प्रभारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए निलंबन की मांग की है।


