पलारी में नम आंखों से दी गई श्रद्धांजलि, तारादेवी साहू के दशगात्र में पहुंचे जिला के प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी

(रौनक साहू)

पलारी। नगर पंचायत पलारी के अध्यक्ष गोपी साहू की पूज्य माताजी स्वर्गीय श्रीमती तारादेवी साहू जी के दशगात्र कार्यक्रम में आज भावपूर्ण वातावरण के बीच बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे कार्यक्रम में शोक और संवेदना का माहौल बना रहा, जहां हर किसी की आंखें नम नजर आईं।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के प्रदेश सचिव विमल साहू ने कार्यक्रम में शामिल होकर स्व. तारादेवी साहू जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से भेंट कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

विमल साहू ने कहा कि स्व. तारादेवी साहू जी एक सरल, धार्मिक और मिलनसार व्यक्तित्व की धनी थीं, जिनके स्नेह और संस्कारों ने परिवार एवं समाज को हमेशा मार्गदर्शन दिया। उनका निधन न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।