एयरपोर्ट से सीधे करही गोलीकांड स्थल पहुंचे SP विजय पाण्डेय, आरोपियों की तलाश में शुरू हुआ “ऑपरेशन हंट”
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा। जिले के बिर्रा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करही में हुए सनसनीखेज गोलीकांड मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने सख्त रुख अपनाया है। हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में 6 सप्ताह के IPS इंडक्शन प्रशिक्षण कोर्स से लौटने के बाद रायपुर एयरपोर्ट पहुंचते ही वे सीधे ग्राम करही पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर बिर्रा थाना प्रभारी एवं साइबर प्रभारी से घटना की विस्तृत जानकारी ली। इसके साथ ही मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना से जुड़ी जानकारी प्राप्त की और उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए SP विजय कुमार पाण्डेय ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान “ऑपरेशन हंट” की शुरुआत की है। पुलिस की अलग-अलग टीमों को विभिन्न दिशाओं में रवाना किया गया है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, साइबर थाना प्रभारी सागर पाठक एवं बिर्रा थाना प्रभारी जयकुमार साहू भी मौजूद रहे।


