ब्लैकमेलिंग से तंग आकर युवक के जहर खाने के मामले में महिला आरोपी राजनांदगांव से गिरफ्तार

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा । अकलतरा पुलिस ने ब्लैकमेलिंग के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए राजनांदगांव निवासी महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला युवक के निजी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार पैसों की मांग कर रही थी। प्रताड़ना से परेशान होकर युवक ने कीटनाशक सेवन कर आत्महत्या का प्रयास कर लिया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में अकलतरा थाना पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी महिला को राजनांदगांव से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसमें व्हाट्सएप चैट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं।

12-15 दिनों से कर रही थी ब्लैकमेल

पीड़ित युवक ने थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि राजनांदगांव जिले की एक महिला उसे निजी एवं आपत्तिजनक फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देकर पैसे मांग रही थी। जांच में पता चला कि दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे। करीब 12 से 15 दिनों से महिला आरोपी युवक और उसके परिजनों के मोबाइल नंबरों पर निजी फोटो भेजकर ब्लैकमेल कर रही थी तथा पैसे नहीं देने पर इंस्टाग्राम में फोटो वायरल करने की धमकी दे रही थी। लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवक ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। युवक पिछले सात दिनों से बिलासपुर के एक अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

व्हाट्सएप चैट बनी अहम सबूत

मामले में थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 314/2026 के तहत धारा 308(2) बीएनएस एवं 67 आईटी एक्ट के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने राजनांदगांव पहुंचकर महिला आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन जब्त कर विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इन पुलिस अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक विनोद जटवार, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे तथा आरक्षक राजा रात्रे का विशेष योगदान रहा। अकलतरा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

इन्हें भी पढ़े