साहू समाज युवा प्रकोष्ठ के आह्वान पर गार्डन परिसर में किया गया पौधारोपण, संरक्षण का लिया संकल्प

कसडोल। साहू समाज युवा प्रकोष्ठ के आह्वान पर रविवार को गार्डन परिसर में युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष नागेश्वर साहू के नेतृत्व में विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन का संदेश देते हुए समाज के सभी सदस्यों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की गई।

इस अवसर पर प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नागेश्वर साहू ने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान और जल संकट को देखते हुए पौधारोपण अब केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाए और उसका संरक्षण करने के साथ-साथ वर्षा जल संचयन एवं जल के सदुपयोग का संकल्प ले। प्रकृति की रक्षा ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी गारंटी है। साथ ही युवा सक्रिय पार्षद भानु प्रताप साहू ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव हैं। प्रत्येक व्यक्ति यदि वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संतुलन स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। साहू समाज सदैव सामाजिक सरोकारों के साथ पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। इस दौरान साहू नपा अध्यक्ष एवं युवा अध्यक्ष नागेश्वर साहू, पार्षद सुंदर साहू, संजय साहू, नीरज साहू, गोपाल साहू, कमल साहू, सूर्या साहू, सहित समाज के तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहें।