बलौदाबाजार में एसीबी-EOW की बड़ी कार्रवाई, शराब कारोबारी के ठिकाने पर छापा
(देवेश साहू)
बलौदाबाजार। जिला मुख्यालय स्थित कान्हा विहार में शनिवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब कारोबारी के ठिकाने पर छापा मारा। कार्रवाई शराब कारोबारी अहिंदर के निवास एवं संबंधित ठिकानों पर की गई जहां अधिकारियों ने कई घंटों तक दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच की। जानकारी के अनुसार सुबह शुरू हुई कार्रवाई दोपहर करीब 1 बजे तक चली। इस दौरान एसीबी और ईओडब्ल्यू के अधिकारियों ने कारोबारी से पूछताछ की तथा वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड खंगाले।
जांच टीम कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ लेकर गई है जिनका परीक्षण किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक कार्रवाई के दौरान आय-व्यय, कारोबारी गतिविधियों और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की पड़ताल की गई। हालांकि एजेंसियों की ओर से अभी तक कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। गौरतलब है कि जिले में इससे पहले भी आबकारी विभाग के एक अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज हो चुका है। ऐसे में इस कार्रवाई को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। माना जा रहा है कि जांच के दौरान मिले दस्तावेजों के आधार पर आगे और खुलासे हो सकते हैं। सूत्र यह भी बता रहे हैं कि जांच एजेंसियां छत्तीसगढ़ में सामने आए चर्चित शराब घोटाले से जुड़े संभावित कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही हैं। फिलहाल अधिकारियों ने पूरे मामले में जांच जारी होने की बात कही है।





