ग्राम पंचायत ससहा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के पालन हेतु जनजागरूकता अभियान शुरू
{Pankaj Kurre}
पामगढ़ । ग्राम पंचायत ससहा, जनपद पंचायत पामगढ़, जिला जांजगीर-चाम्पा (छत्तीसगढ़) में स्वच्छ पंचायत–स्वस्थ ग्राम की अवधारणा को साकार करने के उद्देश्य से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई है कि घरों एवं आसपास निकलने वाले कचरे का सही तरीके से पृथक्करण करें तथा गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग डिब्बों में रखें। इससे कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन संभव होगा तथा पर्यावरण प्रदूषण में कमी आएगी।
अभियान के तहत चार प्रकार के कचरे के पृथक्करण पर विशेष जोर दिया गया है। इसके अनुसार हरे रंग के डिब्बे में गीला कचरा जैसे सब्जी एवं फलों के छिलके, पत्तियां तथा भोजन अवशेष रखा जाएगा। नीले रंग के डिब्बे में सूखा कचरा जैसे कागज, प्लास्टिक, धातु, कांच एवं कपड़ा संग्रहित किया जाएगा। लाल रंग के डिब्बे का उपयोग सेनेटरी एवं हानिकारक कचरे जैसे सैनिटरी पैड, डायपर एवं मेडिकल वेस्ट के लिए किया जाएगा। वहीं पीले रंग के डिब्बे में ई-वेस्ट एवं खतरनाक कचरे जैसे बैटरी, बल्ब, ट्यूब लाइट एवं मोबाइल चार्जर का निपटान किया जाएगा।
ग्राम पंचायत ने ग्रामीणों से आग्रह किया है कि वे कचरा अलग करें, संसाधनों को बचाएं तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। पंचायत का कहना है कि स्वच्छता अपनाने से बीमारियों में कमी आएगी तथा गांव स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनेगा।
ग्राम पंचायत ससहा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत ग्राम विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। पंचायत ने सभी ग्रामीणों से इस जनहितकारी अभियान में सहयोग करने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।





