सांसद ने बनगवा परिषद की बैठकों हेतु नियुक्त किया अपना प्रतिनिधि
(संजीत सोनवानी)
राजनगर कालरी/अनूपपुर– शहडोल लोकसभा क्षेत्र की लोकप्रिय सांसद हिमाद्री सिंह ने नगर परिषद बनगवा (राजनगर) स्तर की प्रशासनिक एवं विकास संबंधी बैठकों के लिए मनोज सिंह (पत्रकार एवं समाजसेवी ) को अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया है।
जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार सांसद हिमाद्री सिंह ने मनोज सिंह, निवासी शांति नगर कॉलोनी,वार्ड क्रमांक 15, नगर परिषद बनगवां (राजनगर), जिला अनूपपुर को नगर परिषद स्तर पर आयोजित होने वाली बैठकों में अपने प्रतिनिधि के रूप में नामित किया है। सांसद के किसी कारणवश बैठक में उपस्थित न होने की स्थिति में मनोज सिंह उनके प्रतिनिधि के रूप में बैठकों में शामिल होकर विचार-विमर्श एवं आवश्यक सुझाव प्रस्तुत करेंगे।
इस नियुक्ति की सूचना कलेक्टर अनूपपुर,मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अनूपपुर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा तथा मुख्य नगर परिषद अधिकारी बनगवा (राजनगर) को प्रेषित की गयी है।
मनोज सिंह की नियुक्ति से क्षेत्रीय विकास कार्यों, जनसमस्याओं के निराकरण तथा स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।
श्री सिंह की इस नियुक्ति से कोयलांचल क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों,ईस्ट मित्रों एवं शुभचिंतकों ने शुभकामनाये प्रेषित करते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की एवं बधाइयां दी।





