ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा आयोजित, आवास प्लस 2.0 अंतर्गत ड्राफ्ट PWL का हुआ वाचन, सत्यापन एवं अनुमोदन
कसडोल। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत आवास प्लस 2.0 के तहत तैयार की गई सिस्टम जनरेटेड ड्राफ्ट स्थायी प्रतीक्षा सूची (PWL) के वाचन, सत्यापन एवं अनुमोदन हेतु आज जनपद पंचायत कसडोल अंतर्गत समस्त ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
शासन के निर्देशानुसार आयोजित ग्राम सभाओं में ग्रामीणों की उपस्थिति में आवास प्लस 2.0 सर्वे से प्राप्त सिस्टम जनरेटेड ड्राफ्ट PWL, श्रेणीवार सूची एवं हितग्राहीवार सर्वे विवरण का सार्वजनिक रूप से वाचन किया गया। उपस्थित ग्रामीणों द्वारा सूची का अवलोकन एवं सत्यापन किया गया तथा ग्राम सभा से नियमानुसार अनुमोदन प्राप्त किया गया।
ग्राम सभा के दौरान पारदर्शिता एवं जनसहभागिता सुनिश्चित करते हुए पात्रता संबंधी जानकारी ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तुत की गई। साथ ही शासन द्वारा जारी SOP के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही संपादित की गई। ग्राम सभा की जियो-टैग फोटो Awaas Plus 2024 App के माध्यम से अपलोड की गई तथा अनुमोदन उपरांत आवश्यक अभिलेख जनपद पंचायत में प्रस्तुत किए जाने की कार्यवाही प्रारंभ की गई।
इस अवसर पर सरपंच, पंचगण, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्राम सभाओं में ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए योजना के सफल क्रियान्वयन में अपना योगदान दिया।
जनपद पंचायत कसडोल द्वारा पूर्व से ही सचिवों एवं रोजगार सहायकों का प्रशिक्षण आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए थे, जिसके परिणामस्वरूप ग्राम सभाओं का आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत आवास प्लस 2.0 की यह प्रक्रिया पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों के चयन को अधिक पारदर्शी, सहभागी एवं न्यायसंगत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।





