बलौदाबाजार में कारोबारी राजकुमार सराफ के घर IT की कार्रवाई समाप्त, 24 घंटे तक चली जांच

(देवेश साहू)

कई दस्तावेज साथ ले गई टीम, कार्रवाई के कारणों पर अब भी सस्पेंस


बलौदाबाजार। शहर के प्रमुख कारोबारी राजकुमार सराफ के गौरव पथ स्थित निवास पर आयकर विभाग (IT) की कार्रवाई करीब 24 घंटे बाद समाप्त हो गई। कार्रवाई पूरी होने के बाद आयकर विभाग की टीम कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ लेकर रवाना हो गई। हालांकि यह कार्रवाई किस मामले में की गई और जांच का मुख्य आधार क्या था, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। विभाग की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

सूत्रों के अनुसार कार्रवाई का सिलसिला शनिवार रात करीब 8 बजे शुरू हुआ जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम कारोबारी के निवास पर पहुंची। बताया जा रहा है कि ED की टीम रविवार सुबह तक मौके पर मौजूद रही। इसके बाद रविवार सुबह से आयकर विभाग (IT) की टीम ने जांच की कमान संभाली और दस्तावेजों की गहन पड़ताल शुरू की।

जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग के अधिकारियों ने कारोबारी के विभिन्न कारोबारों से जुड़े दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात की जांच की। कार्रवाई पूरी होने के बाद टीम कई दस्तावेज अपने साथ लेकर रवाना हुई। हालांकि जब्त किए गए दस्तावेजों की प्रकृति और जांच के उद्देश्य को लेकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

राजकुमार सराफ का कारोबार पीतल, सराफा, जमीन और शराब के क्षेत्र से जुड़ा बताया जाता है। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था और सहयोग के लिए मौके पर मौजूद रही।

करीब 24 घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान शहर में चर्चाओं का दौर बना रहा। अब सभी की निगाहें आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय की आधिकारिक प्रतिक्रिया पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद एजेंसियां इस मामले में आगे की जानकारी सार्वजनिक कर सकती हैं। फिलहाल कार्रवाई के वास्तविक कारणों और जांच के दायरे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।

इन्हें भी पढ़े