डोंगाकोहरौद में सामुदायिक पुलिसिंग की मिसाल: 60 महिलाओं की ‘महिला कमांडो टीम’ गठित, गांव को नशामुक्त बनाने का लिया संकल्प
{Pankaj Kurre}
पामगढ़ | कुछ दिन पूर्व जहां ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर चक्काजाम किया था, उसी ग्राम डोंगाकोहरौद में जांजगीर-चांपा पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग की नई मिसाल पेश की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) थाना पामगढ़ क्षेत्र के ग्राम डोंगाकोहरौद पहुंचे और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जनसहभागिता का संदेश दिया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों को गांव को पूर्णतः नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
60 महिलाओं की ‘महिला कमांडो टीम’ गठित
कार्यक्रम के दौरान गांव की 60 सक्रिय एवं जागरूक महिलाओं का चयन कर ‘महिला कमांडो टीम’ का गठन किया गया। यह टीम गांव में नशामुक्ति अभियान, सामाजिक जागरूकता, महिला सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस के साथ मिलकर कार्य करेगी।

महिलाओं ने भी उत्साह के साथ गांव को नशामुक्त बनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।
पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से अपील की कि वे नशे के कारोबार और अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग और सहभागिता को मजबूत करना है।
पुलिस अधीक्षक ने विश्वास जताया कि ग्राम डोंगाकोहरौद की यह पहल अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिकों सहित थाना प्रभारी पामगढ़ सावन कुमार सारथी उपस्थित रहे।





