शहीद CRPF जवान ललित कुमार की 17वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, नम आंखों से दी श्रद्धांजलि
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा | जिले के वीर सपूत और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के शहीद जवान ललित कुमार की 17वीं पुण्यतिथि पर उनके गृह क्षेत्र दीनदयाल कॉलोनी में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन, सैनिक सदस्य संगठन और CRPF के अधिकारी मौजूद रहे। पूरा क्षेत्र “शहीद ललित कुमार अमर रहे” और “जब तक सूरज चांद रहेगा, ललित कुमार तेरा नाम रहेगा” जैसे नारों से गूंज उठा।
शहीद ललित कुमार CRPF की 201 कोबरा बटालियन में HC/GD के पद पर पदस्थ थे। 17 सितंबर 2009 को किस्टाराम, जिला दंतेवाड़ा में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान उन्होंने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सबसे पहले शहीद के माता-पिता और परिवारजनों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद बिलासपुर ग्रुप सेंटर CRPF की ओर से सहायक कमांडेंट अमरकांत कुमार ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद को सलामी दी।
इस मौके पर शहीद की धर्मपत्नी श्रीमती सावित्री देवी भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि पति के जाने का दुख हमेशा रहेगा, लेकिन इस बात का गर्व है कि उन्होंने देश और तिरंगे की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए।
कार्यक्रम के दौरान शहीद की धर्मपत्नी सावित्री देवी को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। अंत में दो मिनट का मौन रखकर शहीद की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।





