वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने बड़ा अभियान: छूटे युवाओं पर फोकस, घर-घर पहुंचेगा BLO

{Pankaj Kurre}

रायपुर | भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में राज्य में छूटे हुए पात्र नागरिकों और नए पात्र युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।


अभियान के तहत बीएलओ (BLO) घर-घर पहुंचकर मतदाता सूची के निरंतर अद्यतीकरण (Continuous Updation) की प्रक्रिया में पात्र नागरिकों की जानकारी जुटाएंगे और आवश्यकतानुसार पंजीकरण की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। विशेष रूप से ऐसे युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने पर जोर रहेगा, जो पहली बार मतदान के लिए पात्र हुए हैं।

निर्वाचन आयोग के अनुसार नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए Form-6 का उपयोग किया जाता है। पात्र नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन आयोग के नागरिक सेवा पोर्टल पर 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिकों के लिए New Voter Registration के तहत Form-6 उपलब्ध है।


मतदाता पंजीकरण के लिए नागरिक ECINET मोबाइल ऐप अथवा निर्वाचन आयोग के नागरिक सेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नागरिक अपने आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन ट्रैक कर सकते हैं और संबंधित BLO की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

निर्वाचन आयोग की पहल का उद्देश्य पात्र नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करते हुए मतदाता सूची को अद्यतन रखना है। पात्र नागरिकों से अपील है कि वे अपना नाम मतदाता सूची में जांचें और नाम दर्ज नहीं होने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण कराएं।

“वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने बड़ा अभियान: छूटे युवाओं पर फोकस, घर-घर पहुंचेगा BLO”

इन्हें भी पढ़े