लिफ्ट मांगकर युवक की हत्या, चंद घंटों में दो नाबालिक बालक गिरफ्तार

{Pankaj Kurre}

जांजगीर-चांपा | जिले के कचहरी चौक से शुरू हुई एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में ले लिया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतक अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान कचहरी चौक के पास दो बालकों ने लिफ्ट मांगने के बहाने उसकी बाइक रुकवाई और उसके साथ बैठ गए।


पुलिस के अनुसार, होंडा शोरूम के समीप सुनसान स्थान पर पहुंचते ही दोनों ने लूटपाट की नीयत से युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी उसका पर्स और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घायल युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में नवपदस्थ ASP डॉ. यूलैंडन यार्क, CSP योगिताबाली खापर्डे, कोतवाली थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता तथा साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चश्मदीदों के बयान और सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण कर कुछ ही घंटों में दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में ले लिया।

फिलहाल मामले में विस्तृत पूछताछ जारी है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। इस पूरे प्रकरण के त्वरित खुलासे में कोतवाली पुलिस और साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इन्हें भी पढ़े