प्रधानमंत्री आवास योजना में रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल, व्यायाम शिक्षक को कारण बताओ नोटिस
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा । ग्राम पंचायत पचरी में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से राशि मांगने से जुड़े वायरल ऑडियो मामले में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नवागढ़ के व्यायाम शिक्षक नलसाय दिवाकर को जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जांजगीर द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में संबंधित वायरल ऑडियो को नलसाय दिवाकर ने स्वयं का होना स्वीकार किया है। जांच के दौरान हितग्राहियों एवं अन्य व्यक्तियों के कथनों में पंचायत कार्यों में हस्तक्षेप करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में राशि मांगने की बात प्रथम दृष्टया सामने आई है।
प्रतिवेदन में कहा गया है कि शासकीय सेवक होते हुए पंचायत के कार्यों में हस्तक्षेप करना अशोभनीय आचरण है और यह पदीय दायित्वों के प्रति अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। उक्त कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-03 के विपरीत माना गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित शिक्षक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया है तथा पत्र प्राप्ति के दो दिवस के भीतर स्वयं उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।


