ग्राम पंचायत मुड़पार (ब) के प्रथम पीएचडी उपाधिधारक बने डॉ. ओंकार प्रसाद साहू, ग्रामवासियों ने किया भव्य स्वागत

{Pankaj Kurre}

मुड़पार (ब) | ग्राम पंचायत मुड़पार (ब) में गांव के प्रथम पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वाले डॉ. ओंकार प्रसाद साहू के सम्मान एवं आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।


कार्यक्रम में रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से जुड़े एवं मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. गिरजा शंकर गौतम ने डॉ. ओंकार प्रसाद साहू को बधाई देते हुए कहा कि ओंकार साहू अत्यंत मेहनती, लगनशील एवं प्रतिभावान युवा हैं। उन्होंने कहा कि ओंकार को निरंतर मेहनत और लगन से कार्य करते हुए देखा है। उनकी विनम्रता और आत्मीय व्यवहार ही उन्हें इस गांव तक लेकर आया और यह अवसर उनके लिए भी बेहद यादगार है।

डॉ. गौतम ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में गांव के युवा ओंकार ने अपनी प्रतिभा को निखारा और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। उन्होंने ग्राम के युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने निरंतर अभ्यास और मेहनत के महत्व पर बल देते हुए कहा—


“करत-करत अभ्यास तें, जड़मति होत सुजान।

रसरी आवत-जात तें, सिल पर परत निसान।”

उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, मेहनत और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

कार्यक्रम में ग्राम के वरिष्ठ नागरिक एवं प्राधिकृत अधिकारी लगरा जवाहर जाहिरे ने आशीर्वचन देते हुए गांव के बच्चों और युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं लीलाधर साहू ने भी अपने आशीर्वचन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को मेहनत एवं लगन के साथ पढ़ाई करने का संदेश दिया।

ग्रामवासियों ने डॉ. ओंकार प्रसाद साहू का फूल-माला एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत कर उन्हें शुभाशीष प्रदान किया। इस दौरान ग्रामीणों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। गांव के प्रथम पीएचडी उपाधिधारक बनने पर ग्रामीणों ने इसे पूरे ग्राम पंचायत के लिए गौरव का विषय बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत मुड़पार (ब) की सरपंच श्रीमती दिलेश्वरी विश्वनाथ जाहिरे ने की। उन्होंने डॉ. ओंकार साहू को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि गांव के अन्य बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने सभी ग्रामीणों एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम पंचायत के पंचों, वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर हरप्रसाद साहू, राजू राय (जनपद सदस्य), दीपक तिवारी, रूपसिंह, शुभम दिव्य, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष हरप्रसाद साहू, कार्यक्रम संचालक मनोबल जाहिरे, सरपंच प्रतिनिधि विश्वनाथ जाहिरे, लक्ष्मण साहू, भीम यादव, परमेश्वर सिंह, महेंद्र पुरी गोस्वामी, भरत साहू, शिव साहू, फागु खुंटे, सुमन लहरें सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

डॉ. ओंकार प्रसाद साहू की इस उपलब्धि ने ग्राम पंचायत मुड़पार (ब) का गौरव बढ़ाया है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि उनकी सफलता से गांव के अन्य विद्यार्थी भी उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित होंगे और शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे।

इन्हें भी पढ़े