मां कर्मा जयंती पर हर घर में जलेगा पांच दीपक, गुरूर तहसील साहू संघ की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

(दीपक देवदास)

गुरूर। तहसील साहू संघ गुरूर की एक महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय सामाजिक भवन में आयोजित की गई, जिसमें समाज के विकास, शिक्षा और सांस्कृतिक गतिविधियों को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में तहसील साहू संघ के अध्यक्ष मिथलेश साहू, सचिव खेदूराम साहू, समाजसेवी लक्ष्मीचंद साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में समाज के युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने तथा उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत साहू संघ के सामाजिक भवन में निशुल्क कोचिंग सेंटर शुरू किया जाएगा। इस कोचिंग सेंटर में साहू समाज के साथ-साथ अन्य समाज के विद्यार्थियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अवसर प्रदान किया जाएगा। पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल से क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन मिलेगा और वे अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकेंगे।

बैठक में आगामी मां कर्मा जयंती महोत्सव के आयोजन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने बताया कि मां कर्मा जयंती समाज के लिए आस्था, एकता और सामाजिक जागरूकता का महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर समाज के प्रत्येक घर में पांच दीपक प्रज्वलित करने का निर्णय लिया गया है, जिससे माता कर्मा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ-साथ समाज में एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूत किया जा सके।

बैठक में यह भी तय किया गया कि 5 अप्रैल को गुरूर में तहसील स्तरीय मां कर्मा जयंती महोत्सव बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा, जिसमें गुरूर क्षेत्र के सभी गांवों से साहू समाज के लोग शामिल होंगे। इसके अलावा 29 अप्रैल को अंबिकापुर में प्रदेश स्तरीय मां कर्मा जयंती महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से साहू समाज के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और पदाधिकारी भाग लेंगे।

तहसील साहू संघ गुरूर के अध्यक्ष मिथलेश साहू, सचिव खेदूराम साहू तथा समाजसेवी लक्ष्मीचंद साहू ने समाज के सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि मां कर्मा जयंती के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर समाज की एकता और परंपराओं को मजबूत करें। साथ ही युवाओं से शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर खेदूराम साहू, रामदयाल साहू, दुष्यंत साहू, ललित साहू, लक्ष्मीचंद साहू, डामेश्वरी साहू, ईश्वर साहू, वीरेंद्र सांहड़ा, योगेश साहू, नेतराम साहू, नरेश सेनपाल, खोमेश्वर गुरुपंच, भुवन साहू, महेंद्र साहू, अमृत साहू सहित बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधु उपस्थित रहे।






इन्हें भी पढ़े