कुकदा नाला उफान पर: बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, पुलिया निर्माण में गड़बड़ी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश
मदन खाण्डेकर
शिवरीनारायण। शिवरीनारायण से सलखन मार्ग में स्थित रिंगनी कुकदा नाला डूब गया है पिछले कई दिनों से हो रही झमाझम बारिश ने न केवल नदियों-नालों को खतरे के निशान तक पहुँचा दिया है, बल्कि आम लोगों की मुश्किलें भी दोगुनी कर दी हैं। अब आलम यह है कि दिन भर की बारिश के बाद शाम होते ही पारा लुढ़क रहा है और लोग कंपकंपी वाली ठंड में ठिठुरने को मजबूर हैं। एक तरफ कुकदा नाले का बढ़ता जलस्तर लोगों की रातों की नींद उड़ा रहा है, तो दूसरी तरफ विकास की पोल खुल रही नई पुलिया ने स्थानीय लोगों का पारा चढ़ा दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस पुलिया पर अभी बमुश्किल पाँच दिन पहले ही डामर की चादर बिछाई गई थी, वह आज दम तोड़ने लगी है। डामर उखड़ रहा है और पुलिया में जगह-जगह दरारें साफ देखी जा सकती हैं।
ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है:- प्रशासन और ठेकेदार की यह लापरवाही किसी बड़ी अनहोनी को न्योता दे रही है। बारिश के कारण सड़कों और गलियों में जलभराव ने स्थिति को और भी बदतर बना दिया है, जिससे आवागमन पूरी तरह से ठप पड़ गया है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस दरकती पुलिया और ग्रामीणों की नाराजगी पर कब संज्ञान लेता है।
जोखिम में जान, सुस्त है प्रशासन:– स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल की गई सामग्री की गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। काम की गति कछुए से भी धीमी है, जिसके चलते लोग जान जोखिम में डालकर आज भी पुरानी, जर्जर पुलिया से गुजरने को विवश हैं।





