बलौदाबाजार के करमदा में महात्मा गांधी की प्रतिमा खंडित, ग्रामीणों में आक्रोश
(देवेश साहू)
बलौदाबाजार। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करमदा (KARMADA) में देर रात असामाजिक तत्वों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी (MAHATMA GANDHI) की प्रतिमा (STATUE) को क्षतिग्रस्त कर दिया। शरारती तत्वों ने प्रतिमा का सिर तोड़कर अलग कर दूर फेंक दिया जिससे गांव में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देते हुए आरोपियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।
बताया जा रहा है कि एक ओर गांव में होलिका दहन का आयोजन चल रहा था वहीं दूसरी ओर प्रतिमा से छेड़छाड़ की घटना ने शांत माहौल को बिगाड़ने का प्रयास किया। त्योहार के दौरान हुई इस घटना ने पुलिस पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है। खंडित प्रतिमा को सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई के बाद ही उनका आक्रोश पूरी तरह शांत होगा। वहीं प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार जल्द ही नई प्रतिमा स्थापित करवाई जाएगी।









