पामगढ़ चक्काजाम पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 6 नामजद समेत अन्य के खिलाफ FIR
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा | पामगढ़ के आंबेडकर चौक में डोंगाकोहरौद सड़क निर्माण की मांग को लेकर किए गए चक्का जाम मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। थाना पामगढ़ पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। साथ ही चक्का जाम में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
3 जुलाई 2026 को कुछ लोगों ने एक राय होकर पामगढ़ के आंबेडकर चौक स्थित मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया था। सड़क अवरुद्ध होने से आम नागरिकों, यात्रियों, मरीजों और आवश्यक सेवाओं के वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना पामगढ़ पुलिस ने मामले में 6 नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि चक्का जाम में शामिल सभी व्यक्तियों की पहचान और पतासाजी की जा रही है। आरोपियों के मिलने पर नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि किसी भी मांग या समस्या के समाधान के लिए कानून को हाथ में न लें। सड़क जाम, चक्का जाम या सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने जैसे कृत्य कानूनन दंडनीय हैं और इससे आम जनता, मरीजों, विद्यार्थियों, आपातकालीन सेवाओं तथा अन्य यात्रियों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
पुलिस ने कहा है कि यदि किसी विषय को लेकर जनसमस्या या मांग है तो संबंधित विभाग अथवा प्रशासन के समक्ष शांतिपूर्ण और वैधानिक माध्यम से अपनी बात रखें। पुलिस प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।





