घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार
(देवेश साहू)
पलारी। थाना पलारी क्षेत्र के ग्राम छेरकाडीह स्थित गुरु घासीदास चौक निवासी परसराम भारद्वाज (उम्र 39 वर्ष), पिता जहाजी राम को पुलिस ने गंभीर आपराधिक मामलों में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पीड़ित के घर में जबरन घुसकर गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 333 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
थाना प्रभारी हेमंत पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी परसराम भारद्वाज आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जो पूर्व में भी थाना कोतवाली क्षेत्र में 100 पेटी अवैध शराब के कारोबार में लिप्त पाया गया था। उस मामले में भी उसका नाम सामने आया था, जिसे लेकर पुलिस उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए थी।
घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने अपराध को स्वीकार भी किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है
थाना पलारी पुलिस द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत थाने में दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।


