‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रसौटा स्कूल में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
{Pankaj Kurre}
पामगढ़ | विकासखंड पामगढ़ के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रसौटा में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर निर्माण के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत रसौटा के सरपंच संजू रत्नाकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष मोहन साहू, मनमोहन धीवर, संकुल प्राचार्य कौशल खरे, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से सचिन, ग्राम के पंचगण, वरिष्ठ नागरिक, ग्रामवासी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, सफाई कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने मिलकर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया और उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्रधान पाठक श्रीमती सरोज मांझी डाहिरे एवं शिक्षक हेमंत कुमार भारद्वाज ने विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध वायु और संतुलित जलवायु के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना तथा उनकी सुरक्षा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भी विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन करने का संकल्प लिया।





