राकेश यादव जननायक: बालोद को खेल अधोसंरचना की बड़ी सौगात, 1300 लाख की परियोजनाएं स्वीकृत

(दीपक देवदास)

गुरुर। बालोद जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए विधानसभा के बजट सत्र में कुल 1300 लाख रुपये की खेल अधोसंरचना परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के पीछे भाजपा जनसेवक नेता राकेश यादव के सतत प्रयासों को प्रमुख माना जा रहा है। उनके साथ भाजपा जिला महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ लूनिया की सक्रिय भूमिका भी सराहनीय रही।

क्या-क्या हुआ स्वीकृत?

स्वीकृत प्रस्ताव के अनुसार—

दल्लीराजहरा में इंडोर मल्टीपरपज हॉल निर्माण

कुल लागत: 500 लाख रुपये

वर्ष 2026-27 के लिए प्रावधान: 200 लाख रुपये

बालोद में जिला स्तरीय बहुउद्देश्यीय स्टेडियम निर्माण

कुल स्वीकृति: 800 लाख रुपये

वर्ष 2026-27 के लिए प्रावधान: 200 लाख रुपये

परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद जिले में एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों के लिए आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के साथ-साथ राज्य स्तरीय आयोजन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

लगातार प्रयासों का परिणाम

जानकारी के अनुसार, राकेश यादव और सौरभ लूनिया पिछले कई महीनों से बालोद जिले में खेल स्टेडियम और इंडोर हॉल की मांग को लेकर लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, खेल मंत्री अरुण साव तथा वित्त मंत्री ओपी चौधरी से मुलाकात कर तथा पत्राचार के माध्यम से जिले की खेल आवश्यकताओं को प्रमुखता से रखा।

लगातार संवाद और फॉलोअप के परिणामस्वरूप बजट सत्र में इन परियोजनाओं को स्वीकृति मिलना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

खिलाड़ियों को मिलेगा सीधा लाभ

नई खेल अधोसंरचना बनने से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अब जिला स्तर पर ही उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधा मिल सकेगी। अब खिलाड़ियों को बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही प्रतियोगिताओं का आयोजन संभव होगा, जिससे युवाओं में खेल के प्रति उत्साह और बढ़ेगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि आधुनिक स्टेडियम और इंडोर हॉल बनने से जिले के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। इससे बालोद की पहचान खेल मानचित्र पर और मजबूत होगी।

आभार व्यक्त

स्वीकृति मिलने पर सौरभ लूनिया ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, खेल मंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन एवं भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और बालोद को मिली यह सौगात आने वाले वर्षों में ऐतिहासिक साबित होगी।

जिले में खेल अधोसंरचना को मिली यह स्वीकृति निश्चित ही युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगी।






इन्हें भी पढ़े