पामगढ़ में फायरिंग से सनसनी: किराना दुकान विवाद में चली गोली, युवक घायल, आरोपी हिरासत में

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा । थाना पामगढ़ क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 10:00 बजे एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जब किराना दुकान के सामने हुए झगड़े के दौरान गोली चल गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ हिमांशु किराना स्टोर के पास पहुंचकर गाली-गलौज कर रहे थे। दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास द्वारा उन्हें ऐसा करने से मना किया गया, जिस पर दोनों पक्षों के बीच तीखा विवाद शुरू हो गया।

विवाद के दौरान स्थिति तब और बिगड़ गई जब हिमांशु श्रीवास के भाई गुलशन श्रीवास ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से पंकज कश्यप पर गोली चला दी। गोली पंकज कश्यप के पैर (जांघ) में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पामगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी गुलशन श्रीवास रिटायर्ड आर्मी सिग्नल कोर का हवलदार है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी और उसके सहयोगी भाई को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) का अपराध दर्ज कर आगे की जांच एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन पुलिस सतर्कता बरत रही है।

:- समाचार एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें – 7240976439