JSW पावर प्लांट में तांबा तार चोरी का खुलासा; सिक्यूरिटी गार्ड गिरफ्तार, 7.5 किलो तांबा बरामद
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा । जिले के थाना मुलमुला क्षेत्र स्थित JSW प्लांट नरियरा में तांबा तार चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए कंपनी के ही एक सिक्यूरिटी गार्ड को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 7 किलो 500 ग्राम तांबा तार, जिसकी कीमत लगभग ₹7,500 बताई गई है, बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, JSW नरियरा के साइड मैनेजर अनिल कुमार रेड्डी ने थाना मुलमुला में शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे पेट्रोलिंग के दौरान सेपको क्रेन एरिया में रखा 7.5 किलो तांबा तार गायब मिला। जांच के दौरान ड्यूटी पर तैनात सिक्यूरिटी गार्ड आशाराम नारंगे पर संदेह होने पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
शिकायत के आधार पर थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 298/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान थाना मुलमुला पुलिस ने आरोपी आशाराम नारंगे (29 वर्ष), निवासी ग्राम डोंगाकोहरौद, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार करते हुए बताया कि उसने तांबा तार चोरी कर ग्राम नरियरा स्थित एक कुएं के पास छिपा दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया तांबा तार बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक पारस पटेल, सहायक उपनिरीक्षक हेमलाल महिलांगे तथा थाना मुलमुला पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





