मुलमुला पुलिस की कार्रवाई पर सवालिया निशान, 2 दिन बाद भी प्रेस विज्ञप्ति नहीं—₹3.50 लाख के कथित लेन-देन की चर्चा
{Pankaj Kurre}
पामगढ़ / मुलमुला थाना क्षेत्र में गांजा कार्रवाई को लेकर अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। सूत्रों के अनुसार, मंगलवार रात कार्रवाई के दौरान एक स्विफ्ट कार में तीन लोगों को पकड़े जाने की बात सामने आई थी। लेकिन कार्रवाई में काले रंग की होंडा शाइन मोटरसाइकिल को जब्त दिखाया जा रहा है. पुलिस ने इस कार्रवाई में संतराम यादव, पिता स्व. बनाराम यादव, उम्र 37 वर्ष, निवासी सोनसरी, थाना मुलमुला को आरोपी बनाया गया है। सूत्रों के अनुसार संतराम यादव को गांजा बरामदगी के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया है।
मंगलवार रात कार्रवाई, दो दिन बाद भी पुलिस मीडिया ग्रुप में एक लाइन तक नहीं.. आखिर क्यों?
आमतौर पर पुलिस एक दो पाव शराब या गांजा पकड़ते ही तत्काल पुलिस मीडिया ग्रुप में बड़ी-बड़ी विज्ञप्ति और फोटो डालकर कार्रवाई का ढिंढोरा पड़ती है, लेकिन वहीं दूसरी ओर इतनी बड़ी कार्यवाही करने और आरोपी को जेल भेज देने के 2 दिन बाद भी पुलिस मीडिया ग्रुप में एक लाइन तक की जानकारी नहीं डाली जाती है, बड़ा सवाल है आखिर क्यों….
3 लाख 50 हजार का कथित लेन-देन की भी चर्चा
मामले में सूत्रों के हवाले से यह भी जानकारी सामने आ रही है कि स्विफ्ट कार से जुड़े दो अन्य लोगों को लेकर कार्रवाई के दौरान 3 लाख 50 हजार रुपये का कथित लेन-देन की बात कही जा रही है। इसके बाद एक युवक को आरोपी बनाए जाने की चर्चा है। इस संबंध में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।





