पवनी में 26 सितंबर को लगेगा विशाल स्वास्थ्य शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मिलेगी निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा

(मदन खाण्डेकर)


बिलाईगढ़। जिलाधीश पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव के निर्देशन में सेवा संकल्प कार्यक्रम अंतर्गत 26 सितंबर 2026 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पवनी, विकासखंड बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।

शिविर में खंड चिकित्सा अधिकारी बिलाईगढ़ डॉ. शशी कुमार जायसवाल (PGDFM), डॉ. रूपेंद्र कुमार साहू (MD मेडिसिन), डॉ. आयुष अग्रवाल, डॉ. कविता एवं ग्रामीण चिकित्सा सहायक वीरेंद्र बंजारे सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सेवाएं प्रदान की जाएंगी।


शिविर में सामान्य चिकित्सकीय जांच एवं उपचार, गर्भवती माताओं की जांच, सामान्य एवं कुपोषित बच्चों की जांच, रक्त जांच, ब्लड प्रेशर एवं शुगर जांच तथा एक्स-रे जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही कुष्ठ एवं क्षय रोगियों की जांच, परामर्श तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

शिविर में नए आयुष्मान कार्ड बनाने, आयुष्मान कार्ड में सुधार तथा आभा आईडी (ABHA ID) पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। कुष्ठ रोगियों के लिए POD कैंप (तेल-जल कर्म) तथा क्षय रोगियों के लिए पोषण आहार का वितरण किया जाएगा।

इस अवसर पर शासन की विभिन्न बहुआयामी जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को विस्तारपूर्वक दी जाएगी तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

स्वास्थ्य शिविर का आयोजन स्वास्थ्य विभाग, स्वास्थ्य संयोजकों, मितानिन प्रशिक्षिकाओं, मितानिनों एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से किया जा रहा है। शिविर में क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों से उपस्थित होकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की अपील की गई है।

इन्हें भी पढ़े