पामगढ़ में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव-2026 का भव्य आयोजन, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत
{Pankaj Kurre}
पामगढ़ । छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शाला प्रवेश उत्सव-2026 के सफल आयोजन एवं शत-प्रतिशत छात्र नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पामगढ़ में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा के मार्गदर्शन तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामेंद्र कुमार जोशी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं खीर खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्य अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं गणवेश वितरित किए गए। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पालकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं पालकों को प्रेरित करते हुए संदेश दिया गया— “स्कूल आ पढ़े बर, जिंदगी ला गढ़े बर”
साथ ही प्रेरक पंक्तियों के माध्यम से शिक्षा का महत्व बताया गया:-
• कलम हमारी शक्ति है, शिक्षा सबसे बड़ी भक्ति है।
• जो विद्यालय रोज़ जाएगा, वह जीवन में आगे जाएगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े, नगर पंचायत पामगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती गौरी छोटू जांगड़े, माध्यमिक शिक्षा मंडल के सदस्य चंद्रकांत तिवारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मानेश जांगड़े, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रूपचंद साहू, मंडल अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह, जनपद सदस्य दीनदयाल साहू एवं जय साहू, पार्षद संजय खांडे, श्रीमती सुमन कुर्रे, श्रीमती संगीता भोले थवाईत तथा प्रवक्ता विकास शर्मा एवं मनोज घोष उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामेंद्र कुमार जोशी ने विकासखंड का वार्षिक विजन एवं प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विकासखंड के 34 संकुल समन्वयक, 155 प्राथमिक प्रधान पाठक तथा 76 पूर्व माध्यमिक प्रधान पाठक उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत सेंगेस के विद्यार्थियों ने “टन-टन घंटी बजी स्कूल की, स्कूल हमें पुकारे” गीत पर आकर्षक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, राष्ट्रीय साधन सह प्रवीण्य छात्रवृत्ति (NMMS) में चयनित विद्यार्थियों, नवोदय विद्यालय में चयनित विद्यार्थियों तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में चयनित खिलाड़ियों को मोमेंटो एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी जयराम सारथी, सुश्री सुचिता भोसले, राकेश कुमार सोनी, प्राचार्यों एवं समस्त विद्यालयीन स्टाफ का सहयोग सराहनीय रहा। अंत में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार सोनी ने आभार प्रदर्शन कर कार्यक्रम का समापन किया।





