पामगढ़ में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक: जिला पंचायत CEO ने दिए सख्त निर्देश, अधूरे पीएम आवास जल्द होंगे पूरे
{Pankaj Kurre}
पामगढ़ | जनपद पंचायत पामगढ़ में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की प्रगति को लेकर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्री विनय कुमार पोयाम ने समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, विकसित भारत जी राम जी योजना, स्वच्छ भारत मिशन और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत, प्रगतिरत और अधूरे कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
अधूरे आवासों को जल्द पूरा कराने पर जोर
जिला पंचायत CEO ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन और अपूर्ण आवासों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन हितग्राहियों के आवास अधूरे हैं, उनसे संपर्क कर निर्माण पूरा कराने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग दिया जाए। पंचायत सचिवों एवं मैदानी अमले को आवासवार प्रगति की समीक्षा करने तथा निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश भी दिए गए।
विकसित भारत जी राम जी के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत स्वीकृत और प्रगतिरत कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जिला पंचायत CEO ने तकनीकी सहायकों, पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक कार्य की नियमित मॉनिटरिंग कर समय पर पूर्णता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने, अभिलेखों का उचित संधारण करने और कार्यस्थल की वास्तविक स्थिति के अनुरूप जानकारी दर्ज करने पर जोर दिया। जिन पंचायतों में कार्यों की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, उन्हें चिह्नित कर तेजी से काम पूरा कराने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य योजनाओं की भी समीक्षा
स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित गतिविधियों और निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूरा करने को कहा गया। साथ ही कार्यों का समय पर भौतिक सत्यापन करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का आपसी समन्वय से निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
जिला पंचायत CEO पोयाम ने कहा कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। इसके लिए नियमित निरीक्षण, कार्यों की सतत निगरानी और समय-सीमा का पालन जरूरी है। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कर ग्रामीणों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत उप संचालक बरनसिंह मंडावी, आवास योजना की डीसी श्रीमती श्रेया सिंह, विकसित भारत जी राम जी के प्रभारी एपीओ गौरव शुक्ला, जनपद पंचायत पामगढ़ के CEO मणिशंकर कौशिक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

