मवेशी तस्करी के मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार, 19 मवेशी हुए थे जब्त

{Pankaj Kurre}

पामगढ़ | जांजगीर-चांपा जिले में मवेशियों की तस्करी के मामले में पामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। कार्रवाई के दौरान पूर्व में 7 भैंसी और 12 भैंस समेत कुल 19 मवेशी जब्त किए गए थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।

6 अक्टूबर 2026 को थाना पामगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बोरसी निवासी रामसागर महिलांगे उर्फ ढुलू (55 वर्ष) अपने साथियों के साथ मवेशियों को मारते-पीटते और बिना चारा-पानी के हांकते हुए ग्राम डोंगाकोहरौद की ओर ले जा रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में पामगढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। इस दौरान रामसागर महिलांगे उर्फ ढुलू को पकड़कर पूछताछ की गई। मामले में उसकी संलिप्तता सामने आने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था।

मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए फरार आरोपी

मामले में शामिल ग्राम कोसा निवासी सरोज कुमार यादव (54 वर्ष) और ग्राम बोरसी निवासी तुम्मन यादव (21 वर्ष) घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पामगढ़ पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दोनों को पकड़कर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान अपराध में संलिप्तता सामने आने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इन्हें भी पढ़े