वरिष्ठ पत्रकार सुनील साहू फिर बने जिला इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संगठन के अध्यक्ष, पत्रकारों ने दी शुभकामनाएं
(रौनक साहू)
बलौदाबाजार। जिला इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संगठन बलौदाबाजार का शनिवार को चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया में वरिष्ठ पत्रकार सुनील साहू को एक बार फिर संगठन का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। उनके पुनः अध्यक्ष चुने जाने पर जिलेभर के पत्रकारों में हर्ष का माहौल है। पत्रकार साथियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की उम्मीद जताई है।
चुनाव के दौरान पत्रकारों ने संगठन की एकजुटता, आपसी समन्वय और पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने पर जोर दिया। सदस्यों ने कहा कि बदलते मीडिया परिदृश्य में पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा से जुड़े विषयों को मजबूती से सामने लाने के लिए संगठन की भूमिका महत्वपूर्ण है।
अध्यक्ष पद पर दोबारा निर्वाचित होने के बाद सुनील साहू ने सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें पुनः जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। पत्रकारों के हित और अधिकारों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा जिले में पत्रकारिता को और अधिक सशक्त, निष्पक्ष एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी पत्रकार साथियों को साथ लेकर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती किसी एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि सभी पत्रकार साथियों की एकजुटता और आपसी सहयोग से होती है। आने वाले समय में पत्रकारों की समस्याओं और आवश्यकताओं को लेकर संगठन सक्रियता के साथ कार्य करेगा।
चुनाव संपन्न होने के बाद जिले के पत्रकारों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।








