अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कटेकोनी में महिलाओं की हुंकार: नशा मुक्ति के लिए निकाली जागरूकता रैली

(पंकज कुर्रे)

कटेकोनी/सारंगढ़। 8 मार्च अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत कटेकोनी में सक्रिय महिला समूह द्वारा गांव को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने गांव की गलियों में रैली निकालकर ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया और कच्ची महुआ शराब के निर्माण व बिक्री को बंद करने की अपील की।

रैली में शामिल महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और नारों के साथ पूरे गांव में भ्रमण किया। उन्होंने “नशा छोड़ो, परिवार जोड़ो” और “स्वस्थ गांव, खुशहाल गांव” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को समझाया कि शराब की लत परिवार और समाज के लिए कितनी हानिकारक है।

महिला समूह की सदस्यों ने बताया कि गांव में कुछ स्थानों पर कच्ची महुआ शराब बनाकर बेची जाती है, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है और कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं। इसी समस्या को देखते हुए महिलाओं ने एकजुट होकर नशा मुक्ति अभियान चलाने का निर्णय लिया और लोगों को इसके खिलाफ जागरूक करने की पहल की।

महिलाओं ने ग्रामीणों से अपील की कि वे कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री को रोकने में सहयोग करें तथा गांव को नशा मुक्त और सुरक्षित बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। इस अभियान में गांव की कई महिलाएं और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।

महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस रैली से गांव में नशा मुक्ति को लेकर सकारात्मक संदेश गया और लोगों में जागरूकता बढ़ी। ग्रामीणों ने भी महिलाओं की इस पहल की सराहना करते हुए नशा मुक्त गांव बनाने में सहयोग करने का भरोसा दिलाया।

:- समाचार एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें – 7240976439