घर में घुसकर मोटरसाइकिल चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा | पामगढ़ थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी की बाइक बरामद कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्यायालय में पेश किया गया। प्रार्थी भैयाराम यादव निवासी देहान पारा नंदेली, थाना पामगढ़ ने 09 मई 2026 की सुबह रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी मोटरसाइकिल क्रमांक CG-11-AU-9399 घर के अंदर खड़ी थी। रात में परिवार के साथ सोने के बाद सुबह उठने पर बाइक गायब मिली। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर छत के रास्ते घर के भीतर घुसे और अंदर से दरवाजे की बेड़ी खोलकर मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पामगढ़ पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंकज कश्यप और उसके साथी चोरी की मोटरसाइकिल को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पामगढ़ शराब भट्ठी के पास घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने 08 मई की रात तालाब पार में शराब पीने के बाद भैयाराम यादव के घर में घुसकर मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपियों में अंशु पटेल उर्फ चिट्टी निवासी व्यासनगर पामगढ़, कुलदीप भानु निवासी नंदेली तथा पंकज कश्यप निवासी व्यासनगर थाना पामगढ़ शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ धारा 331(2), 305(क), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी, उप निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक संतोष बंजारे एवं प्रधान आरक्षक राजेश कुमार कोसले की सराहनीय भूमिका रही।


